
Fatehpur News: फतेहपुर में मुलायम सिंह सहित 32 लोगों पर मुकदमा ! वजह कुछ ये बताई जा रही है
Fatehpur News In Hindi
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के फतेहपुर में ईंट भट्ठे की बकाया राशि लेने गए मालिक पर प्रधान और उसके पति सहित 32 लोगों ने हमला कर दिया साथ ही लाइसेंसी बंदूक छीनते हुए 10 लाख रुपए लूट लिए. मामला किशनपुर थाना (Kishanpur Thana) क्षेत्र का है. पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है.
Fatehpur News: यूपी के फतेहपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. ईंट भट्ठे की बकाया राशि मांगने पहुंचे भट्ठा मालिक और उसके साथियों पर जानलेवा हमला किया कर दिया गया. आरोप है कि प्रधान पति और उनके सहयोगियों ने एक सुनियोजित साजिश के तहत लाठी-डंडों से हमला कर तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया.
मामला किशनपुर थाना (Kishanpur Thana) क्षेत्र के चंदवाईन डेरा मौहारी का है. मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्रधान पति समेत 32 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बकाया राशि मांगने पहुंचे थे भट्ठा मालिक, जानलेवा हमला

बताया जा रहा है कि प्रधान पति मुलायम सिंह ने उन्हें पैसे देने के बहाने बुलाया था. लेकिन वहां पहले से मौजूद प्रधान पति मुलायम सिंह, प्रधान किरन देवी और उनके करीबियों ने मिलकर गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लाठी-डंडों से जानलेवा हमला बोल दिया.
हमलावरों ने की फायरिंग, 10 लाख रुपये और राइफल लूटी
पीड़ित रामनरेश सिंह का कहना है कि हमले के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की, लेकिन वे बाल-बाल बच गए. इतना ही नहीं, आरोपियों ने उनकी चार पहिया गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी और भट्ठे के मजदूरों को देने के लिए रखे 10 लाख रुपये साथ ही एक लाइसेंसी राइफल भी लूट ली.
कोर्ट के आदेश पर 32 लोगों पर मुकदमा
घटना के बाद पीड़ित रामनरेश ने किशनपुर थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. इसके बाद उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया. कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने प्रधान पति मुलायम सिंह, प्रधान किरन देवी समेत 11 महिलाओं और 21 पुरुषों पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
थाना प्रभारी दिवाकर सिंह ने बताया कि कोर्ट के निर्देश के बाद सभी 32 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. बताया जा रहा है कि इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है. पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है.
