
Fatehpur News: सर्दी की पहली धुंध में मौत का तांडव! ट्रक की टक्कर से तीन दोस्तों की चली गई जिंदगी, हाईवे पर बिखरे शवों के टुकड़े
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार सुबह कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया. सदर कोतवाली क्षेत्र के नउवाबाग के पास बाइक सवार तीन दोस्तों को ट्रक ने टक्कर मारकर कुचल दिया. हादसे में 19 वर्षीय स्पर्श गौतम, अनुज पाल और विश्वेश पटेल की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना इतनी भयावह थी कि तीनों के शव कई टुकड़ों में बंट गए. तीनों दोस्त घर से जिम जाने की बात कहकर निकले थे. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश शुरू कर दी है.
Fatehpur News: सर्दी की पहली धुंध के बीच सोमवार सुबह फतेहपुर में मौत का ऐसा तांडव देखने को मिला, जिसने तीन परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं. कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर सदर कोतवाली क्षेत्र के नउवाबाग के पास बाइक सवार तीन दोस्तों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. टक्कर के बाद ट्रक तीनों युवकों को कुचलता हुआ निकल गया. हादसा इतना भयावह था कि तीनों के शव कई टुकड़ों में बंट गए. पीछे से गुजर रहे अन्य वाहन भी शवों को कुचलते हुए निकल गए. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई.
जिम जाने की बात कहकर घर से निकले थे तीनों दोस्त

स्पर्श गौतम के पिता रामनरेश ने बताया कि उनका बेटा सोमवार सुबह घर से जिम जाने की बात कहकर निकला था. उसके साथ अनुज पाल और विश्वेश पटेल भी थे. तीनों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर निकले थे. परिवार के लोगों को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ देर बाद उन्हें ऐसी दर्दनाक खबर सुनने को मिलेगी.
हाईवे पर कैसे पहुंचे, परिजनों को नहीं जानकारी
ट्रक की टक्कर के बाद पीछे से गुजरते वाहन भी कुचलते रहे शव
नउवाबाग के पास हुए इस हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक की टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया. इसके बाद पीछे से आने वाले अन्य वाहन भी सड़क पर पड़े शवों को कुचलते हुए गुजरते रहे. हादसे में तीनों के शव क्षत-विक्षत होकर कई टुकड़ों में बंट गए. हाईवे पर यह दर्दनाक मंजर देखकर लोग सहम गए.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव, ट्रक की तलाश जारी
हादसे की सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हुई है. दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश की जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
