
फतेहपुर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से भिड़ा पल्लेदारों से भरा लोडर, दो की मौत, छह घायल
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर आरटीओ कार्यालय के पास बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. पल्लेदारों से भरे एक लोडर की ट्रक से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में शनि और गुलाब की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए.
Fatehpur Accident: फतेहपुर में बुधवार सुबह काम पर जा रहे पल्लेदारों के लिए सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया. सदर कोतवाली क्षेत्र के बेलदरइया मोहल्ले के रहने वाले पल्लेदार बाकरगंज चौराहे से लोडर में सवार होकर हुसेनगंज थाना क्षेत्र के भिटौरा जा रहे थे. इसी दौरान कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर आरटीओ कार्यालय के पास लोडर की ट्रक से सीधी टक्कर हो गई. हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए.
एआरटीओ कार्यालय के पास ट्रक से भिड़ा लोडर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सदर कोतवाली क्षेत्र के बेलदरइया मोहल्ले में रहने वाले पल्लेदार बुधवार सुबह करीब चार बजे बाकरगंज चौराहे से लोडर में सवार हुए थे. सभी लोग काम के सिलसिले में हुसेनगंज थाना क्षेत्र के भिटौरा जा रहे थे.
बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे बाद कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर एआरटीओ कार्यालय के नजदीक लोडर की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.
शनि की मौके पर मौत, गुलाब ने अस्पताल में तोड़ा दम
सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया. यहां गुलाब की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि, वहां इलाज के दौरान गुलाब की भी मौत हो गई.
छह घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में घायल लोगों में विजय अवस्थी, शुभम, रमाकांत, नरेंद्र, राम आसरे और राजेंद्र के नाम सामने आए हैं. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे
ट्रक की तलाश में जुटी पुलिस
सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हेमंत मिश्रा ने बताया कि बुधवार सुबह लोडर और ट्रक के बीच भिड़ंत हुई थी. हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि छह लोग घायल हुए हैं. हादसे को अंजाम देने वाले ट्रक का पता लगाया जा रहा है. दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
