
Fatehpur News: सरकार कहती है तालाबों को संरक्षित करो, प्रशासन कब्जा दिलाने में मस्त ! तालाबी नंबर में जारी है अवैध निर्माण
फतेहपुर जिले की बिंदकी तहसील क्षेत्र के सौंरा गांव में तालाब की जमीन पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण का मामला सामने आया है. बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय ने जिलाधिकारी से शिकायत कर तालाब को अतिक्रमण से मुक्त कराने और निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है.
Fatehpur News: उत्तर प्रदेश सरकार जहां तालाबों और जल स्रोतों के संरक्षण पर लगातार जोर दे रही है, वहीं फतेहपुर जिले के सौंरा गांव में तालाबी भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहा है. आरोप है कि सार्वजनिक उपयोग के लिए दर्ज तालाब की जमीन पर निर्माण कराया जा रहा है और शिकायत व राजस्व टीम की पैमाइश के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रुका है. मामले को लेकर जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की गई है.
तालाब की जमीन पर कब्जे का आरोप
बिंदकी तहसील के सौंरा गांव, विकासखंड मलवां में स्थित गाटा संख्या-561 को लेकर विवाद सामने आया है. शिकायतकर्ता के अनुसार यह भूमि राजस्व अभिलेखों में तालाब और सार्वजनिक उपयोग की भूमि के तौर पर दर्ज है. ऐसे में इस जमीन पर किसी भी प्रकार का निजी निर्माण या कब्जा ग्रामीणों के सार्वजनिक हित और जल संरक्षण व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय माना जा रहा है.

पहले अस्थाई कब्जा, फिर स्थायी निर्माण का आरोप
मामले में ग्रामीणों की ओर से विरोध किए जाने की भी बात सामने आई है. आरोप है कि विरोध के बाद मलवां पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया.
राजस्व टीम ने की पैमाइश, फिर भी नहीं रुका निर्माण
मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को राजस्व विभाग की टीम के मौके पर पहुंचकर पैमाइश किए जाने की जानकारी सामने आई है. इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी है. शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की है.
तालाब संरक्षण के दावों के बीच उठे सवाल
तालाब और अन्य जल स्रोत ग्रामीण क्षेत्रों में भूजल संरक्षण और वर्षा जल संचयन के लिहाज से महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. ऐसे में सार्वजनिक तालाब की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठना स्वाभाविक है. आरोप हैं कि कथित सांठ-गांठ के चलते तालाब की जमीन पर निर्माण कराया जा रहा है.
