
Fatehpur News: फतेहपुर में गोवंश के अवशेष मिलने से मचा हड़कंप, पांच पुलिस टीमें गठित, आरोपियों की तलाश तेज
फतेहपुर जिले के हथगाम और हुसैनगंज थाना क्षेत्र की सीमा पर शनिवार सुबह नहर किनारे तीन गोवंशों के कटे सिर और अन्य अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही ग्रामीणों, हिंदूवादी संगठनों और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पांच टीमें गठित करते हुए जांच शुरू कर दी है.
Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गोवंश के अवशेष मिलने की घटना से इलाके में तनाव का माहौल बन गया. हथगाम और हुसैनगंज थाना क्षेत्र की सीमा पर हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच तेज कर दी है.
नहर किनारे मिले तीन गोवंशों के कटे सिर और अवशेष
जानकारी के अनुसार, अमिलिहापाल मोड़ के पास नहर किनारे चंद्रपाल सिंह निवासी चक अराजीपाल मजरा गौसपुर के खेत हैं. शनिवार सुबह जब ग्रामीण जंगल की ओर जा रहे थे, तब उन्होंने खेत और नहर के पास तीन गोवंशों के कटे हुए सिर और अन्य अवशेष पड़े देखे. घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए.
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध

तीन थानों की पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे
मामले की गंभीरता को देखते हुए हथगाम, हुसैनगंज और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. सीओ सिटी गौरव शर्मा और सीओ थरियांव दुर्गेशदीप ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मृत गोवंशों का नियमानुसार दफन भी कराया.
अज्ञात आरोपियों पर मुकदमा, पांच टीमों को जांच की जिम्मेदारी
छिवलहा चौकी प्रभारी उत्कर्ष मिश्रा की तहरीर पर अज्ञात गोकशों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है.
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने गठित की पांच टीमें
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया है. सभी टीमें विभिन्न पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही हैं और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है. उन्होंने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
