Fatehpur News: कलक्ट्रेट परिसर में CEC का पुतला फूंकना पड़ा भारी, सपा जिलाध्यक्ष समेत 11 नामजद 30 अज्ञात पर मुकदमा
फतेहपुर कलक्ट्रेट परिसर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाकर नारेबाजी करने के मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव समेत 11 नामजद और 25-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक घटना रविवार की है. कचहरी चौकी प्रभारी की तहरीर पर सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के कलक्ट्रेट परिसर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर प्रदर्शन करना समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भारी पड़ गया. पुलिस ने इस मामले में सपा जिलाध्यक्ष समेत 11 लोगों को नामजद किया है, जबकि 25 से 30 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है.
कलक्ट्रेट परिसर में हुआ था प्रदर्शन
मामला रविवार का बताया का है. पुलिस के अनुसार कलक्ट्रेट परिसर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ड्यूटी लगी हुई थी. इसी दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाने और नारेबाजी किए जाने की सूचना मिली.

सपा जिलाध्यक्ष समेत 11 लोग नामजद
तहरीर के आधार पर शहर कोतवाली में सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव समेत 11 नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. नामजद आरोपियों में सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव, महासचिव मंजर यार, आजम खां, सुशील यादव, अमित मौर्या, संगीता पासी, विपिन यादव, रामेश्वर दयाल उर्फ दयालू गुप्ता, सोहेल खान, अयूब खान और नरेश कोरी शामिल हैं. पुलिस ने इन नामजद आरोपियों के अलावा प्रदर्शन में शामिल 25 से 30 अज्ञात लोगों को भी मुकदमे में आरोपी बनाया है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में मिली सूचना और चौकी प्रभारी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है. अब पुलिस प्रदर्शन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. इसमें मौके पर मौजूद लोगों, प्रदर्शन की परिस्थितियों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. कलक्ट्रेट परिसर में हुए इस प्रदर्शन के बाद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है.
