
Uttar Pradesh: बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन ! पूर्वांचल की राजनीति को बड़ा झटका, योगी ने जताया दुःख
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक रहे और बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. उनके निधन से बसपा समेत पूरे प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बसपा प्रमुख मायावती, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी.
Umashankar Singh Ballia: उत्तर प्रदेश की राजनीति से बुधवार को एक दुखद खबर सामने आई. बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के विधायक उमाशंकर सिंह का लंबी बीमारी के बाद इलाज के दौरान निधन हो गया. वह बसपा के इकलौते विधायक थे और पूर्वांचल के प्रभावशाली नेताओं में उनकी पहचान थी. उनके निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है.
पूर्वांचल की राजनीति का मजबूत चेहरा थे उमाशंकर सिंह
उमाशंकर सिंह को पूर्वांचल के कद्दावर नेताओं में गिना जाता था. उन्होंने लगातार तीन बार बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से जीत दर्ज कर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ साबित की. विधानसभा में वह बसपा की ओर से अकेले विधायक थे और पार्टी की आवाज को मजबूती से उठाते रहे.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी श्रद्धांजलि
मायावती ने कहा- पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा हमेशा याद रहेगी
बसपा प्रमुख मायावती ने उमाशंकर सिंह के निधन को पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया. उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह पार्टी के कर्मठ, ईमानदार और पूरी तरह वफादार नेता थे. उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मायावती ने कहा कि पार्टी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है.
मायावती ने यह भी बताया कि उनके बेटे से लगातार संपर्क बना हुआ था और निधन की सूचना भी उन्हें परिवार की ओर से ही मिली. उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह की पार्टी के प्रति निष्ठा की जितनी भी प्रशंसा की जाए, वह कम है.
अखिलेश यादव और केशव प्रसाद मौर्य ने भी जताया दुख
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उमाशंकर सिंह के निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए उनकी आत्मा की शांति की कामना की और परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं.
वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उमाशंकर सिंह के निधन का समाचार बेहद दुखद है. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिवार व समर्थकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.
आकाश आनंद ने बताया अपूरणीय क्षति
बसपा नेता आकाश आनंद ने कहा कि उमाशंकर सिंह का निधन केवल बसपा परिवार ही नहीं, बल्कि समाज के वंचित, शोषित और जरूरतमंद लोगों के लिए भी अपूरणीय क्षति है. उन्होंने कहा कि बीमारी से जूझते हुए भी उमाशंकर सिंह ने जिस समर्पण और साहस के साथ जनता और पार्टी के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाईं, वह हमेशा याद रखा जाएगा.
राजनीतिक जगत में शोक की लहर
उमाशंकर सिंह के निधन के बाद प्रदेश के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. उनके समर्थक उन्हें एक सरल, मिलनसार और जनसरोकारों से जुड़े नेता के रूप में याद कर रहे हैं. पूर्वांचल की राजनीति में उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा.
