
Fatehpur News: फतेहपुर में पूर्व मंत्री धुन्नी सिंह को जान से मारने की धमकी, 50 लाख और फार्चुनर गाड़ी ईनाम, दर्ज हुआ मुकदमा
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पूर्व राज्य मंत्री और हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने और गोली मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है. फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी और धमकी भरी पोस्ट के बाद पूर्व मंत्री के करीबियों और भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी है. हथगाम थाने में भाजपा के मंडल अध्यक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोशल मीडिया पर पूर्व राज्य मंत्री एवं हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी भैया को जान से मारने और गोली मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि फेसबुक पर एक आईडी के माध्यम से पूर्व मंत्री के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं. इतना ही नहीं, उन्हें गोली मारने वाले व्यक्ति के लिए फार्चुनर गाड़ी, 50 लाख रुपये और 10 बीघा खेती की जमीन देने का इनाम भी घोषित किया गया. मामले में भाजपा के हथगाम मंडल अध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
फेसबुक पर पूर्व मंत्री धुन्नी सिंह पर की गई अभद्र टिप्पणी
भाजपा के हथगाम मंडल अध्यक्ष गणेशी लाल साहू ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि फेसबुक पर धर्मवीर सिंह नाम की आईडी से पूर्व राज्य मंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी भैया के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां की गईं.

भाजपा मंडल अध्यक्ष ने पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग
उन्होंने मांग की कि संबंधित फेसबुक आईडी संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान की जाए और सोशल मीडिया पोस्ट की गहन जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए. उनका कहना है कि इस तरह की धमकियों को गंभीरता से लेते हुए समय रहते कार्रवाई की जानी चाहिए.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, फेसबुक आईडी की जांच शुरू
शिकायत मिलने के बाद हथगाम पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस कथित धमकी भरी सोशल मीडिया पोस्ट और संबंधित फेसबुक आईडी की जांच कर रही है.
थाना प्रभारी हथगाम अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है.
