
लखनऊ:पत्रकार उत्पीड़न मामले में वरिष्ठ पत्रकार ने लिखा सीएम योगी को पत्र..!
यूपी में लगातार हो रहे पत्रकारों के उत्पीड़न के मामले में आल इंडिया प्रेस रिपोर्टर वेलफेयर एसोसिएशन की तरफ़ से सीएम योगी को पत्र लिखा गया है..पढ़े पूरी खबर युगान्तर प्रवाह पर।
लखनऊ:ऑल इंडिया प्रेस रिपोर्टर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार आचार्य श्रीकांत शास्त्री ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी को पत्र भेजकर कहा है कि कुछ अधिकारी सरकार की छवि खराब करने की कोशिश कर रहें हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी को पत्र भेजकर पत्रकारों के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग की है। एसोसिएशन की ओर से बताया गया है कि प्रदेश में विभिन्न जिलों के अधिकारी अपनी गड़बड़ी छिपाने के लिए पत्रकारों पर फर्जी ढंग से मुकदमे दर्ज करवाकर सरकार की छवि धूमिल कर रहे हैं।



श्री शास्त्री जी ने कुछ जिलों के पत्रकारों पर दर्ज हुये मुकदमो का भी जिक्र करते हुए बताया की सीतापुर के पत्रकार रविंद्र सक्सेना पर महोली तहसील में होम क्वारंटाइन किए गए लोगों को प्रशासन द्वारा दुर्गंध व फफूंदीयुक्त चावल देने का समाचार जारी करने पर मुकदमा दर्ज किया गया। कानपुर में होमगार्ड के जवानों की समस्याओं की खबर प्रकाशित करने पर एक न्यूज़ वेबसाइट के संपादक आशीष अवस्थी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, फतेहपुर में अजय भदौरिया ने ट्वीट किया था कि विजईपुर का सामुदायिक रसोईघर बंद हो गया है जिसपर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।इसी तरह प्रदेश के कई और जिलों में पत्रकारों पर फर्जी ढंग से मुकदमे दर्ज कराए गए हैं जो चौथे स्तंभ को दबाने की एक बहुत बड़ी साजिश है।
ऑल इंडिया प्रेस रिपोर्टर वेलफेयर एसोसिएशन की तरफ से लॉकडाउन के दौरान गाजियाबाद और नोएडा समेत कई स्थानों पर मीडियाकर्मियों के साथ हुई बदसलूकी की तरफ भी मुख्यमंत्री जी का ध्यान आकर्षित कराते हुए सारे फर्जी मुकदमों को खत्म करने की मांग किया गया है।
