
UP Board Result 2020:प्रदेश में परचम फ़हराने वाली फतेहपुर की मनु मिश्रा के सफ़ल होने की कहानी..!
यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के रिजल्ट शनिवार को घोषित कर दिए..फतेहपुर की रहने वाली मनु मिश्रा ने इंटरमीडिएट की परीक्षा में प्रदेश में आठवां स्थान हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है..पढ़े युगान्तर प्रवाह की ये रिपोर्ट..
फतेहपुर:यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के रिजल्ट शनिवार को घोषित कर दिए।इस बार भी लड़कियों का प्रदर्शन लड़को से अच्छा रहा।फतेहपुर की बात करें तो शहर के गंगानगर कालोनी शादीपुर में रहने वाली मनु मिश्रा ने इंटरमीडिएट में प्रदेश में आठवां स्थान हासिल कर ज़िले का नाम रोशन किया।इन्होंने यह सफ़लता शहर के जय माँ सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज में पढ़कर हासिल की है।

मनु के पिता विजय मिश्रा शहर में ही एक गुमटीनुमा छोटी सी परचून की दुकान चलाते हैं।परिवार की आर्थिक स्थित कोई बहुत अच्छी नहीं है।घर में मनु के अलावा उनकी माँ जो कि गृहणी हैं और बड़ी बहन है।बहन बीटीसी कर रहीं हैं।पिता विजय मिश्र बताते हैं कि उन्होंने अपनी बेटियों को कभी भी बेटों से कम नहीं माना दोनों को अच्छी शिक्षा दिलाना उनका हमेसा से उद्देश्य रहा है।मनु के बारे में वो कहते हैं कि वह बचपन से पढ़ाई में बहुत मन लगाती थी।माँ और बड़ी बहन के साथ घर के कामों में हाँथ भी बटाती थी लेकिन उसका ज्यादातर समय किताबों में ही बीतता था।बचपन से ही उसने पढ़ लिखकर उच्च अधिकारी बनने के ख़्वाब देखे हैं।आज जब मनु ने ये सफलता हासिल की है तो सीना गर्व से चौड़ा हो गया है।बातचीत करते हुए विजय की आँखों से आँसू छलक पड़ते हैं।



पिछले कई सालों से प्रदेश को टॉपर्स दे रहे जय माँ सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विनय प्रताप सिंह बताते हैं कि हमारे विद्यालय में हर विषय के दो अध्यापक प्रत्येक कक्षा में पढ़ाते हैं।पूरे शिक्षण सत्र को कई भागों में बांटा जाता है।कितने दिनों में कोर्स पूरा कराया जाएगा, कितने दिन रिवीजन का कार्य होगा, कब से अनसॉल्वड हल कराएंगे जाएंगे औऱ कितने दिन पिछले सालों में आए हुए प्रश्नों की गेस पेपर से तैयारी कराई जाएगी इसका एक समय निर्धारित कर दिया जाता है और अध्यापकों को यह जिम्मेदारी दी जाती है कि उसी टाइम टेबल के आधार पर पढ़ाई कराएं।
